भोपाल में शुरू हुईं AC ई-बसें, 3 रूटों पर दौड़ीं 10 बसें; लाल सिटी बस जितना ही किराया

Jul 30, 2026 - 22:55
 0  53
भोपाल में शुरू हुईं AC ई-बसें, 3 रूटों पर दौड़ीं 10 बसें; लाल सिटी बस जितना ही किराया

भोपाल।

राजधानी भोपाल में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गुरुवार से AC इलेक्ट्रिक बसों का संचालन आम यात्रियों के लिए शुरू कर दिया गया। टिकटिंग सॉफ्टवेयर की टेस्टिंग और ट्रायल रन सफल होने के बाद पहले चरण में 3 रूटों पर 10 ई-बसें चलाई जा रही हैं। यात्रियों को इन बसों में न्यूनतम 6-7 रुपये और अधिकतम 40 रुपये किराया देना होगा, जो वर्तमान लाल सिटी बसों के बराबर है।

जानकारी के अनुसार, ई-बसों का संचालन चिरायु अस्पताल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन होते हुए बैरागढ़ चिचली तक, चिरायु अस्पताल से डीबी मॉल मेट्रो स्टेशन और कोच फैक्ट्री रूट सहित तीन प्रमुख मार्गों पर किया जा रहा है। बसें सभी निर्धारित स्टॉप पर रुक रही हैं, जिससे यात्रियों को सुविधा मिल रही है।

पहले चरण में 10 बसें, जल्द सभी 30 उतरेंगी सड़क पर

भोपाल में कुल 30 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध हो चुकी हैं। पहले चरण में 10 बसों का संचालन शुरू किया गया है, जबकि दूसरे चरण में 10 और बसें शामिल की जाएंगी। आगामी 15 अगस्त के बाद सभी 30 ई-बसों के संचालन का लक्ष्य रखा गया है।

कोलार से एमपी नगर तक भी बेहतर सुविधा

कोलार से एमपी नगर के बीच भी तीन AC ई-बसें चलाई जा रही हैं। यात्रियों ने यात्रा को आरामदायक बताया। कोलार निवासी ममता जोशी ने बताया कि उन्होंने नयापुरा से एमपी नगर तक सफर किया, जिसमें 17 रुपये किराया लगा। पूरी बस वातानुकूलित होने के कारण यात्रा बेहद सुविधाजनक रही।

सार्वजनिक परिवहन को मिलेगी नई पहचान

इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से राजधानी में प्रदूषण कम करने, ईंधन की बचत करने और यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं आरामदायक सफर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। प्रशासन का मानना है कि आने वाले समय में ई-बसों के विस्तार से शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow