पसान नगर पालिका में उपाध्यक्ष के खिलाफ पार्षदों का मोर्चा, अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग*
मंगल भवन के निर्माण में बाधा, सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार और विकास कार्यों में अवरोध के आरोप*
अनूपपुर/पसान* नगर पालिका परिषद पसान में सियासी पारा चढ़ गया है। परिषद के उपाध्यक्ष अजय यादव के खिलाफ 16 पार्षदों ने मोर्चा खोलते हुए अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को पत्र सौंपकर निंदा प्रस्ताव और अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की है।
पार्षदों द्वारा सौंपे गए पत्र में गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
*1. मंगल भवन के निर्माण में बाधा डालने का आरोप:*
पत्र में उल्लेख है कि नगर की जनता की सुविधा के लिए परिषद द्वारा मंगल भवन का नवनिर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि इस कार्य को रुकवाने के उद्देश्य से उपाध्यक्ष द्वारा SECL प्रबंधन और संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, शहडोल संभाग को पत्र लिखकर विकास कार्य को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।
*2. सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार का आरोप:*
पार्षदों ने आरोप लगाया है कि फेसबुक पर परिषद की छवि धूमिल करने और जनता को भ्रमित करने के लिए लगातार भ्रामक और निराधार बातें प्रसारित की जा रही हैं, जिससे जनप्रतिनिधियों और परिषद की प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।
*3. रिश्तेदार को ठेका दिलाने का आरोप:*
पत्र में उपाध्यक्ष पर अपने नातेदार आजाद यादव के नाम से नगर पालिका परिषद पसान में ठेकेदारी का कार्य कराकर प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष लाभ लेने का आरोप भी लगाया गया है, जिसे नगर पालिका अधिनियम के प्रावधानों के विपरीत बताया गया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
पार्षदों का कहना है कि उपाध्यक्ष द्वारा परिषद के लोकहित और जनकल्याणकारी कार्यों में लगातार व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा है और वे अपने पद के दायित्वों का उचित निर्वहन नहीं कर रहे हैं। उनका पद पर बने रहना परिषद के हित में नहीं है।
*16 पार्षदों के हस्ताक्षर:*
इस मांग पत्र पर वार्ड 1 से पूजा सिंह, वार्ड 2 से गीता अजय यादव, वार्ड 3 से सविता सिंह, वार्ड 4 से विकास कुमार जायसवाल, वार्ड 5 से सरोज लोधी, वार्ड 6 से अलका लालबहादुर जायसवाल, वार्ड 8 से पुष्पा सिंह श्याम, वार्ड 9 से सुशील कुमार (चुन्ना), वार्ड 10 से चेनू, वार्ड 11 से आफरीन फिलहाल हुसैन, वार्ड 12 से अब्दुल कलाम, वार्ड 13 से दीपक कुमार सिंह, वार्ड 14 से दीपाली साहू, वार्ड 15 से अर्चना मुगेरिया, वार्ड 16 से शकुन पनिका और वार्ड 18 से इन्द्रलाल केवट सहित कुल 16 पार्षदों ने हस्ताक्षर किए हैं।
What's Your Reaction?