PAC बैठक में कांग्रेस ने बनाई आंदोलन की रणनीति, दतिया जीत को बताया बदलाव का संदेश
भोपाल,
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की करीब पांच घंटे बैठक हुई। बैठक में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक परिस्थितियों के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस ने आगामी कार्यक्रमों और सरकार के खिलाफ आंदोलनों की रणनीति पर भी मंथन किया।
बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने संयुक्त पत्रकार वार्ता की। नेताओं ने सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा और कांग्रेस की आगामी रणनीति की जानकारी दी।
युवाओं, किसानों और महिलाओं के मुद्दों पर आंदोलन की तैयारी
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस युवाओं, छात्रों, किसानों, महिलाओं और ओबीसी वर्ग के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने खाद संकट, कथित भ्रष्टाचार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों और संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।
चौधरी ने छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी।
दतिया उपचुनाव परिणाम को बताया बदलाव का संदेश
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत को प्रदेश की राजनीति में बदलाव का स्पष्ट संदेश बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस की जीत नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश की जनता की जीत है।
पटवारी ने बेरोजगारी, शिक्षा, किसानों की खाद समस्या, महिला एवं ओबीसी आरक्षण, अपराध और कथित राजनीतिक प्रताड़ना जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस स्वच्छ, समृद्ध और सुरक्षित मध्य प्रदेश का विकल्प तैयार कर रही है।
राज्यसभा नामांकन मामले में न्यायालय जाने की तैयारी
जीतू पटवारी ने राज्यसभा नामांकन प्रकरण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को भूली नहीं है और विधानसभा के सचिव एवं चुनाव अधिकारी अरविंद शर्मा के खिलाफ न्यायालय जाने की तैयारी कर रही है। पटवारी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते कांग्रेस का नामांकन निरस्त किया गया।
पेपर लीक और ओबीसी आरक्षण का मुद्दा भी उठा
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दतिया की जीत को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक बताया। उन्होंने आगामी निकाय चुनावों में इस जीत का लाभ मिलने की उम्मीद जताई।
सिंघार ने पेपर लीक, परीक्षा घोटालों, फर्जी नियुक्तियों, ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण और आदिवासी अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग दोहराई। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मामलों के विरोध में पार्टी की ओर से मजबूती से आवाज उठाने की बात कही।
कई वरिष्ठ नेता बैठक में रहे मौजूद
PAC बैठक और पत्रकार वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। इसके अलावा पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, कमलेश्वर पटेल, कांतिलाल भूरिया, सज्जन वर्मा, बाला बच्चन, विजयलक्ष्मी साधो, तरुण भनोट, एनपी प्रजापति, सुखदेव पांसे, शोभा ओझा, फूल सिंह बरैया, घनश्याम सिंह, अभय दुबे सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद कांग्रेस ने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी सरकार के खिलाफ आंदोलन और राजनीतिक कार्यक्रमों को और तेज करेगी।
What's Your Reaction?