मैहर में खुले नाले में गिरी गाय, दो घंटे बाद स्थानीय लोगों ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

Aug 8, 2026 - 23:35
 0  5
मैहर में खुले नाले में गिरी गाय, दो घंटे बाद स्थानीय लोगों ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

मैहर। मां शारदा मंदिर की ओर जाने वाली देवी जी रोड स्थित हनुमान टोला में शुक्रवार शाम एक गाय खुले और गहरे नाले में गिरकर फंस गई। घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। नाले की चौड़ाई कम होने के कारण गाय पूरी तरह अंदर फंस गई और हिल-डुल भी नहीं पा रही थी।

गाय को नाले में फंसा देखकर राहगीरों ने आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोग मौके पर जुटे और रस्सी व अन्य साधनों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शाम 6 बजे गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू में हर्ष पाठक, सागर प्रताप सिंह, कृष्ण शर्मा, दीपक गुप्ता सहित अन्य राहगीरों और स्थानीय लोगों ने सहयोग किया।

खुले नाले से हादसे का खतरा

स्थानीय लोगों के मुताबिक देवी जी रोड के किनारे बना यह गहरा और खुला नाला पहले भी हादसों का कारण बन चुका है। लोगों का कहना है कि यहां कई बार मवेशियों के साथ बाइक चालक भी गिर चुके हैं। खुले नाले के कारण लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय राहगीरों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि देवी जी रोड स्थित खुले नाले को जल्द से जल्द ढका जाए और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में मवेशियों और राहगीरों के साथ होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow