शहडोल में तेज रफ्तार का कहर: हरि ओम ट्रेवल्स बस ने पैदल युवक को कुचला, हालत गंभीर

Sep 30, 2026 - 22:41
 0  8
शहडोल में तेज रफ्तार का कहर: हरि ओम ट्रेवल्स बस ने पैदल युवक को कुचला, हालत गंभीर

शहडोल। 

जिले में बेलगाम दौड़ रही यात्री बसों की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। *कोतमा तिराहे से विराट मंदिर जाने वाले मार्ग में पुलिया के पास* आज दोपहर एक तेज रफ्तार बस ने पैदल जा रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक बुरी तरह घायल हो गया और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस क्रमांक *MP 65 P 0227 (हरि ॐ ट्रेवल्स, जय माँ सिंहवाहिनी)* अत्यंत तेज गति से शहर के अंदर प्रवेश कर रही थी। इसी दौरान सड़क पर पैदल चल रहे युवक को बस ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का *आगे का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया*, जिसका अंदाजा आप तस्वीर में देख सकते हैं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत घायल युवक को उठाया और *जिला अस्पताल शहडोल* पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

 शहर के अंदर इतनी तेज रफ्तार क्यों?

शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके कोतमा तिराहा से विराट मंदिर मार्ग पर हमेशा लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में बस चालकों द्वारा इस तरह बेलगाम गति से वाहन चलाना बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। लोगों का कहना है कि यात्री बसें समय बचाने के चक्कर में शहर के अंदर भी ब्रेक लगाना मुनासिब नहीं समझतीं।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन और RTO से मांग की है कि शहर के अंदर तेज रफ्तार बसों पर लगाम लगाई जाए और दोषी बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow