भाजपा प्रदेश कार्यालय में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सुनीं जनसमस्याएं कार्यकर्ताओं और आमजनों से संवाद कर कई मामलों का कराया त्वरित निराकरण
भोपाल,
मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई एवं संवाद कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजनों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को शीघ्र निराकरण के लिए भेजा गया।
उप मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
श्री देवड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का भी आग्रह किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
What's Your Reaction?