प्रदेश में मानसून का जोर, 23 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट

Jul 6, 2026 - 11:48
 0  23
प्रदेश में मानसून का जोर, 23 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल। 

मध्यप्रदेश में मानसून अब पूरे रंग में नजर आ रहा है। रविवार को प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश हुई, जबकि सोमवार के लिए मौसम विभाग ने 23 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। छिंदवाड़ा में सबसे अधिक छह इंच से ज्यादा वर्षा दर्ज की गई, जबकि सिवनी, उज्जैन और श्योपुर में करीब पांच इंच बारिश हुई।

मौसम विभाग के अनुसार सागर, दमोह, बैतूल, देवास, अलीराजपुर, उमरिया, सिवनी, छिंदवाड़ा और अनूपपुर जिलों में अति भारी बारिश की संभावना है। वहीं रतलाम, उज्जैन, धार, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, गुना, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी और पन्ना समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भोपाल में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री, इंदौर में 30.9 डिग्री, उज्जैन में 32.7 डिग्री, जबलपुर में 34 डिग्री और ग्वालियर में 37.7 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक औसतन 163.1 मिमी (6.4 इंच) बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से लगभग 6 प्रतिशत कम है। हालांकि जुलाई में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश की कुल मानसूनी वर्षा का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा जुलाई महीने में ही होता है।

इस बीच पांढुर्णा जिले के सीतापार पगड़ी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 48 वर्षीय महिला की मौत हो गई। लगातार बारिश के कारण कई जिलों में नदियां और नाले उफान पर हैं तथा प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow