‘Gen Alpha’ का पैदल मार्च: हॉस्टल की दीवार लांघकर निकले 150 से ज्यादा छात्र, कलेक्टर से मिलने 60 KM की राह पर
शहडोल। जिले के एकलव्य हॉस्टल से शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 150 से 170 से ज्यादा छात्र-छात्राएं हॉस्टल की दीवार और गेट लांघकर कलेक्टर से मिलने के लिए पैदल ही निकल पड़े। छात्र करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी समस्याएं कलेक्टर के सामने रखना चाहते हैं।
छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मेस में घटिया और दूषित भोजन दिए जाने के साथ ही मेनू के अनुसार खाना नहीं मिलने और नाश्ता समय पर नहीं दिए जाने की शिकायत छात्रों ने की है।
प्राचार्य और वार्डन पर गंभीर आरोप
छात्रों ने हॉस्टल के प्राचार्य और वार्डन पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इसके अलावा उनका कहना है कि कक्षा 6वीं से 11वीं तक उन्हें केवल एक बार यूनिफॉर्म दी गई। हॉस्टल में पर्याप्त मेडिकल सुविधा नहीं होने की शिकायत भी छात्रों ने की है।
धूप और बारिश में कई किलोमीटर पैदल चले छात्र
हॉस्टल से निकलने के बाद छात्र चिलचिलाती धूप और बारिश के बीच कई किलोमीटर तक पैदल चलते रहे। बताया गया कि प्रशासनिक अमले के मौके पर पहुंचने तक छात्र करीब 10 से 30 किलोमीटर तक पैदल चल चुके थे। बड़ी संख्या में छात्रों के सड़क पर उतरने की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया।
SDM, तहसीलदार और पुलिस बल ने समझाने की कोशिश की
सूचना मिलने पर SDM, तहसीलदार, SDOP सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाने की कोशिश की, लेकिन छात्र कलेक्टर से मुलाकात की मांग पर अड़े रहे। छात्रों का कहना है कि वे अपनी समस्याएं सीधे कलेक्टर के सामने रखना चाहते हैं।
एकलव्य हॉस्टल की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
आदिवासी विद्यार्थियों की शिक्षा और बेहतर सुविधाओं के उद्देश्य से संचालित एकलव्य आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों के इस तरह सड़क पर उतरने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रों के आरोपों की प्रशासनिक स्तर पर जांच और उनकी शिकायतों के समाधान की जरूरत महसूस की जा रही है।
अब देखना होगा कि प्रशासन छात्रों की शिकायतों पर क्या कार्रवाई करता है और उन्हें हॉस्टल में बेहतर भोजन, स्वास्थ्य सुविधा, यूनिफॉर्म तथा सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाता है।
What's Your Reaction?