शारदीय नवरात्र में हाथी पर आएंगी मां दुर्गा, सुख-समृद्धि के संकेत

Oct 7, 2026 - 21:51
 0  7
शारदीय नवरात्र में हाथी पर आएंगी मां दुर्गा, सुख-समृद्धि के संकेत

11 अक्टूबर से शुरू होगा नौ दिवसीय नवरात्र पर्व, तिथि क्षय नहीं; शहर से गांव तक सजने लगे माता के दरबार

रायसेन। शारदीय नवरात्र इस बार पूरे नौ दिनों का होगा। नवरात्र पर्व में किसी भी तिथि का क्षय नहीं होने से श्रद्धालुओं को पूरे नौ दिन मां दुर्गा की आराधना और विशेष अनुष्ठान का अवसर मिलेगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार नवरात्र का शुभारंभ चित्रा नक्षत्र में होगा। रविवार से नवरात्रि शुरू होने के कारण इस बार माता का वाहन हाथी माना गया है। धार्मिक मान्यताओं में हाथी को सुख, समृद्धि और आर्थिक उन्नति का प्रतीक माना गया है।

पंडित संदीप भाले के अनुसार श्रीमद् देवी भागवत में वार के आधार पर माता के वाहन का उल्लेख मिलता है। रविवार को नवरात्रि आरंभ होने पर माता का वाहन हाथी माना जाता है। हाथी पर माता का आगमन शुभ और कल्याणकारी संकेत के रूप में देखा जाता है। मान्यता के अनुसार इससे सुख-समृद्धि बढ़ने और आर्थिक प्रगति के योग बनते हैं।

कई विशेष योग बनेंगे

नवरात्र के दौरान कई विशेष ज्योतिषीय संयोग भी बन रहे हैं। 14 अक्टूबर, 18 अक्टूबर की सप्तमी और 19 अक्टूबर की महाअष्टमी पर सर्वार्थ सिद्धि योग, अमृत सिद्धि योग और रवि योग जैसे शुभ संयोग बताए जा रहे हैं। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार ये संयोग साधना, अनुष्ठान, धार्मिक संकल्प और शुभ कार्यों के लिए विशेष माने जाते हैं।

11 को घटस्थापना, 19 को महाअष्टमी

शारदीय नवरात्र का शुभारंभ 11 अक्टूबर को घटस्थापना के साथ होगा। इसके बाद नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना, दुर्गा सप्तशती पाठ, हवन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे। 19 अक्टूबर को महाअष्टमी मनाई जाएगी। नवरात्र के अंतिम दिनों में मंदिरों और माता के पंडालों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है।

शहर से गांव तक सज रहे माता के दरबार

नवरात्र को लेकर रायसेन शहर सहित जिलेभर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रमुख चौराहों और मोहल्लों में माता की प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए पंडाल सजाए जा रहे हैं। वहीं जिले के प्राचीन देवी मंदिरों में भी नवरात्र के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नौ दिनों तक मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। शाम होते ही माता के पंडालों में आरती और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शुरू होगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow