भोपाल समेत MP में तेज बारिश, 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

Aug 24, 2026 - 11:50
 0  12
भोपाल समेत MP में तेज बारिश, 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान 14 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

राजधानी भोपाल में रविवार रात कई इलाकों में तेज बारिश हुई। वहीं विदिशा के लटेरी में करीब एक घंटे हुई बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। मंडला के निवास क्षेत्र में नदी-नाले उफान पर बताए जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार श्योपुर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, डिंडौरी और सीधी में भारी बारिश की चेतावनी है।

कई जिलों में बारिश से बिगड़े हालात

लगातार बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। सीधी में तेज बहाव के कारण करीब 104 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क का बड़ा हिस्सा बहने की जानकारी सामने आई है। पन्ना में उफनती शहपुरा नदी में एक डंपर बह गया, हालांकि चालक ने तैरकर अपनी जान बचा ली।

सतना में भी बारिश के दौरान बड़ा हादसा सामने आया, जहां बाइक समेत तीन लोगों के नाले में बहने की सूचना है। इनमें से एक व्यक्ति के लापता होने की जानकारी दी गई है। प्रशासन और राहत-बचाव दल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

चंबल-जबलपुर संभाग भी अलर्ट

मौसम विभाग ने जबलपुर और चंबल संभाग में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है। आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों ने नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

मुख्यमंत्री ने की समीक्षा

भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और जरूरतमंद लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने फसलों और अन्य नुकसान का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow