रायसेन मंडी में नई धान की आवक शुरू, 4 हजार रुपए क्विंटल तक बिकी पूसा वन
पहले दिन 40 ट्रॉली धान और 20 ट्रॉली सोयाबीन पहुंचा, सोयाबीन के भाव 6100 से 6500 रुपए प्रति क्विंटल रहे
रिपोर्ट--- उमाशंकर श्रीवास्तव
रायसेन। कृषि उपज मंडी में नई धान और सोयाबीन की आवक शुरू हो गई है। मंगलवार को किसानों ने शुभ मुहूर्त में कांटों की पूजा-अर्चना कर धान की तुलाई और खरीदी की शुरुआत की। पहले दिन मंडी में करीब 40 ट्रॉली धान और 20 ट्रॉली सोयाबीन की आवक हुई। शुरुआती दौर में धान की पूसा वन और 1509 वैरायटी मंडी में पहुंच रही है। इनके अच्छे भाव मिलने से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
कृषि उपज मंडी के व्यापारी मनोज सोनी ने बताया कि 1509 वैरायटी की धान 3800 रुपए प्रति क्विंटल, जबकि पूसा वन वैरायटी की धान 4000 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक के भाव पर बिकी। वहीं, सोयाबीन के भाव 6100 से 6500 रुपए प्रति क्विंटल तक रहे।
शुरुआत में मोती धान, बाद में बढ़ेगी बासमती की आवक
मंडी में फिलहाल शुरुआती दौर में मोती धान की आवक जारी रहेगी। इसके बाद धीरे-धीरे बासमती धान की आवक में तेजी आने की संभावना है। आवक बढ़ने पर बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मंडी पहुंचेंगी। इसके चलते नीलामी की व्यवस्था दशहरा मैदान में की जाएगी, ताकि किसानों और व्यापारियों को सुविधा मिल सके।
जिले में करीब 3 लाख हेक्टेयर में धान की खेती
रायसेन जिला धान उत्पादन के लिए प्रदेश में अपनी अलग पहचान रखता है। जिले में करीब 3 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती की जाती है। इसमें लगभग 1 लाख हेक्टेयर में मोती धान और करीब 2 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बासमती धान की खेती होती है। ऐसे में आने वाले दिनों में मंडी में धान की आवक बढ़ने और कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?