6 महीने से रुकी वृद्धावस्था पेंशन, बैरसिया के बुजुर्गों का फूटा गुस्सा; 27 जुलाई को एसडीएम को सौंपेंगे ज्ञापन

Jul 24, 2026 - 13:58
 0  14
6 महीने से रुकी वृद्धावस्था पेंशन, बैरसिया के बुजुर्गों का फूटा गुस्सा; 27 जुलाई को एसडीएम को सौंपेंगे ज्ञापन

बैरसिया, भोपाल 

नगर पालिका बैरसिया क्षेत्र में वृद्धावस्था पेंशन के भुगतान में पिछले छह महीनों से हो रही देरी को लेकर बुजुर्गों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पेंशन पर निर्भर सैकड़ों बुजुर्ग महिला और पुरुष आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। अब प्रभावित हितग्राही 27 जुलाई को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे।

जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद भाग्यश्री चंचल खत्री ने इस मुद्दे पर नगर पालिका के सीएमओ राजेंद्र सक्सेना से चर्चा की। पार्षद का कहना है कि सीएमओ ने बताया कि फिलहाल "ऊपर से भुगतान बंद है", जिसके चलते पेंशन जारी नहीं हो पा रही है।

पार्षद ने कहा कि लंबे समय से पेंशन नहीं मिलने के कारण बुजुर्गों के सामने दवा, भोजन और अन्य जरूरी खर्च पूरे करना भी मुश्किल हो गया है। इसलिए 27 जुलाई को सभी प्रभावित हितग्राही एसडीएम को ज्ञापन देकर छह माह से लंबित पेंशन का तत्काल भुगतान और भविष्य में नियमित पेंशन जारी करने की मांग करेंगे।

इसके साथ ही पार्षद ने प्रदेश सरकार से वृद्धावस्था पेंशन की राशि 600 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि वर्तमान महंगाई के दौर में 600 रुपये की पेंशन सम्मानजनक जीवन-यापन के लिए पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही लंबित पेंशन का भुगतान शुरू नहीं किया गया तो बुजुर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow