भोपाल में पुलिस की बड़ी कॉम्बिंग गश्त, 130 वारंटी गिरफ्तार; 75 स्थायी और 55 गिरफ्तारी वारंट तामील
जोन-03 के 9 थाना क्षेत्रों में रातभर चला सघन अभियान, निगरानी बदमाशों से लेकर गुंडों और चाकूबाजों तक की हुई जांच
भोपाल। राजधानी भोपाल में अपराधों पर नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोन-03 पुलिस ने 1 अगस्त की रात बड़े स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जोन-03 के अंतर्गत आने वाले 9 थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने वारंटियों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की धरपकड़ एवं जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 130 वारंट तामील किए। इनमें 75 स्थायी वारंट और 55 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं।
बदमाशों की भी हुई सघन चेकिंग
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के 46 निगरानी बदमाशों, 76 गुंडा बदमाशों, 23 चाकूबाजों और 3 जिलाबदर आरोपियों को चेक किया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना रहा।
आबकारी और एमवी एक्ट में भी कार्रवाई
पुलिस ने अभियान के दौरान माइनर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की। आबकारी एक्ट के तहत 34 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 47 कार्रवाई की गईं। आबकारी एक्ट की कार्रवाई में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी भी की गई।
गौतमनगर में सबसे ज्यादा वारंट तामील
थानावार कार्रवाई की बात करें तो गौतमनगर थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 34 वारंट तामील किए गए। यहां 30 गुंडा बदमाशों और 3 जिलाबदर आरोपियों की भी जांच की गई।
वहीं शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में 16 स्थायी वारंट तामील किए गए और 11 गुंडा बदमाशों को चेक किया गया। हनुमानगंज थाना क्षेत्र में 11 स्थायी वारंट तामील करने के साथ आबकारी और एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसी तरह कोहेफिजा और टीटी नगर थाना क्षेत्र में एमवी एक्ट के तहत कुल 38 कार्रवाई की गईं।
आगे भी जारी रहेगी कॉम्बिंग गश्त
जोन-03 पुलिस के अनुसार अपराधियों पर नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए इस तरह की सघन चेकिंग और कॉम्बिंग गश्त आगे भी जारी रहेगी। पुलिस द्वारा वारंटियों की धरपकड़ के साथ निगरानी बदमाशों, गुंडों, चाकूबाजों और जिलाबदर आरोपियों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।
What's Your Reaction?