एकतरफा प्यार में रची हत्या की साजिश, पहचान की गलती से हार्डवेयर व्यापारी की गई जान

Jul 29, 2026 - 20:20
 0  33
एकतरफा प्यार में रची हत्या की साजिश, पहचान की गलती से हार्डवेयर व्यापारी की गई जान

रायसेन।

रायसेन जिले के सलामतपुर क्षेत्र में 25 जुलाई की रात हुई हार्डवेयर व्यापारी राकेश लोधी की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों का निशाना राकेश लोधी नहीं, बल्कि उनका बड़ा भाई भगवानदास लोधी था। पहचान में हुई गलती के कारण आरोपियों ने राकेश लोधी पर तलवार से हमला कर उनकी हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की रात राकेश लोधी अपने भाई बबलेश लोधी के साथ सलामतपुर चौराहा स्थित दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से अपने गांव मेडक़ी लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर तलवार से हमला कर दिया, जिसमें राकेश लोधी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल के निरीक्षण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने गोलू उर्फ धीरेंद्र पाल, बाबू उर्फ प्रिंसराज (दोनों निवासी करोंद, भोपाल) तथा एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

भाभी से एकतरफा प्रेम बना हत्या की वजह

पूछताछ में मुख्य आरोपी गोलू उर्फ धीरेंद्र पाल ने बताया कि वह मृतक के भाई भगवानदास लोधी की पत्नी से एकतरफा प्रेम करता था। महिला का विवाह भगवानदास से होने के बाद उसने रंजिश पाल ली और भगवानदास की हत्या की साजिश रची। वारदात के दौरान अंधेरे में पहचान की गलती होने से भगवानदास की जगह राकेश लोधी पर हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस हत्याकांड के खुलासे में एसडीओपी प्रतिभा शर्मा, थाना प्रभारी राम बिलोचना शर्मा, सलामतपुर थाना प्रभारी श्यामराज सिंह, उमरावगंज थाना प्रभारी वीरेंद्र विश्वकर्मा सहित शैलेन्द्र दायमा, आनंदीलाल सूर्यवंशी, सुनील शर्मा, चंद्रपाल सिंह, सतीश जालवान, संजय कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow