5 हजार का इनामी NDPS आरोपी गिरफ्तार, ताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Jul 23, 2026 - 22:12
 0  9
5 हजार का इनामी NDPS आरोपी गिरफ्तार, ताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रतलाम।

जिले की ताल थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले करीब छह माह से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, 1 फरवरी 2026 को ताल थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आंबा निवासी भारतसिंह सौंधिया राजपूत के कब्जे से एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा बरामद किया था। इस मामले में थाना ताल पर अपराध क्रमांक 62/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/15 और 22 में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।

जांच के दौरान भारतसिंह ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह जब्त किया गया मादक पदार्थ ग्राम ढोढर निवासी अनुराज सिंह सौंधिया को देने जा रहा था। इसके बाद से अनुराज सिंह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल तथा एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में ताल थाना पुलिस ने 22 जुलाई 2026 को कार्रवाई करते हुए फरार इनामी आरोपी अनुराज सिंह (25 वर्ष) निवासी ग्राम ढोढर, थाना बड़ोद, जिला आगर को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22 एवं 29 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की पूछताछ जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी, उप निरीक्षक पंकज भम्भोरिया, आरक्षक अंकित काला, सावरिया पाटीदार, राहुल पाटीदार एवं मनीष शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow