नर्सिंग छात्रों का नर्सिंग काउंसिल के सामने अनिश्चितकालीन धरना, प्रदर्शन, बिल्डिंग पर चढ़े छात्र, रिजल्ट जारी करने समेत कई मांगें
भोपाल।
नर्सिंग छात्रों के संगठन NSO ने विभिन्न मांगों को लेकर 8 अगस्त से नर्सिंग काउंसिल भोपाल के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। बुधवार को भी बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन में शामिल हुए। छात्रों ने लंबित रिजल्ट जारी करने और आगामी परीक्षाएं जल्द कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान तीन छात्र पास की एक बिल्डिंग पर चढ़ गए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने छात्रों को समझाइश दी, जिसके बाद तीनों छात्र कुछ देर बाद नीचे उतर आए। छात्र नेता रवि परमार ने बताया कि प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद हैं।
GNM और BSc नर्सिंग के रिजल्ट जल्द जारी करने की मांग
NSO ने सभी GNM और BSc नर्सिंग छात्रों के रिजल्ट घोषित करने और आगामी परीक्षाएं जल्द आयोजित कराने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि रिजल्ट और परीक्षाओं में देरी के कारण उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है।
संगठन ने SC, ST और OBC वर्ग के GNM, BSc नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग, MSc नर्सिंग और पैरामेडिकल छात्रों को छात्रवृत्ति देने की मांग भी उठाई है। इसके साथ ही EWS आरक्षण के दायरे में आने वाले सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए पढ़ाई संबंधी छात्रवृत्ति योजना शुरू करने की मांग की गई है।
मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर से जोड़ने की मांग
छात्रों ने नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेजों को क्षेत्रीय यूनिवर्सिटीज से हटाकर दोबारा मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर से जोड़ने की मांग की है। संगठन का कहना है कि नर्सिंग शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए यह कदम जरूरी है।
इसके अलावा नर्सिंग शिक्षा में भ्रष्टाचार खत्म करने और फैकल्टी मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने की मांग भी की गई है, ताकि भविष्य में विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग
आंदोलन के दौरान लगाए गए पोस्टर में संगठन ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और रजिस्ट्रार के इस्तीफे की मांग भी की है। छात्रों ने आंदोलन को भूख हड़ताल से जोड़ने की बात भी कही है।
छात्रों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और रिजल्ट व परीक्षाओं में देरी का सीधा असर उनके भविष्य पर पड़ रहा है। संगठन ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
What's Your Reaction?