शहर काज़ी विवाद: SDM कार्यालय में दोनों पक्षों की बैठक, शांति बनाए रखने की अपील
जावरा।
शहर काज़ी विवाद को लेकर शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय में प्रशासन की मौजूदगी में दोनों पक्षों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने सभी पक्षों को संयम बरतने और शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की समझाइश दी।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर स्वागत-सम्मान से जुड़े वीडियो और पोस्ट प्रसारित करने पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी का स्वागत या सम्मान करना है तो वह निजी स्तर पर किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। एक पक्ष का आरोप था कि सीरत कमेटी बरेली शरीफ के निर्णय को नहीं मान रही और न्यायालय जाने से भी इनकार कर रही है। वहीं दूसरे पक्ष ने प्रेस नोट जारी कर इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि वे बरेली शरीफ का सम्मान करते हैं तथा यह धार्मिक मामला होने के कारण न्यायालय नहीं जाएंगे।
इस बीच इमरान मेव ने सीरत कमेटी के सदर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए एसडीएम को लिखित शिकायत सौंपी।
प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि किसी भी भ्रामक या विवादित पोस्ट एवं वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा न करें तथा आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने में सहयोग करें।
What's Your Reaction?