पुलिस ने घायल पर ही बना दिया प्रकरण, विरोध में चक्काजाम
एसपी ऑफिस के सामने लगाया जाम। परिजनों और ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच व धारा हटाने की मांग।
रायसेन। ग्राम नेवली निवासी घायल नंदकिशोर के परिजनों और ग्रामीणों ने रविवार को एसपी कार्यालय के सामने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी 21 सितंबर को हुए हमले के मामले में नंदकिशोर के खिलाफ पुलिस द्वारा धारा 327 लगाए जाने का विरोध कर रहे थे। परिजनों ने पुलिस से नंदकिशोर पर लगाई गई धारा हटाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
परिजनों का आरोप है कि 21 सितंबर को राहुल बैरागी ने सोते समय नंदकिशोर पर हमला किया था। हमले में नंदकिशोर घायल हो गया और उसका उपचार कराया गया। परिजनों का कहना है कि घटना में नंदकिशोर पीड़ित है, इसके बावजूद पुलिस ने उसके खिलाफ भी धारा 327 के तहत प्रकरण दर्ज कर दिया।
चक्काजाम के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना था कि घटना की सभी पहलुओं से जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए और यदि नंदकिशोर के खिलाफ लगाई गई धारा उचित नहीं है तो उसे तत्काल हटाया जाए। प्रदर्शन के चलते एसपी कार्यालय के सामने कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा।
What's Your Reaction?