रतलाम पुलिस का कबाड़खानों पर शिकंजा, जिलेभर में चला चेकिंग अभियान
चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त रोकने पुलिस ने कबाड़ कारोबारियों को दी सख्त हिदायत, CCTV और रजिस्टर अनिवार्य
रतलाम। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के उद्देश्य से रतलाम पुलिस ने बुधवार, 2 सितंबर 2026 को जिलेभर में कबाड़खानों और कबाड़ गोदामों की सघन चेकिंग का अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कबाड़खानों का निरीक्षण कर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चोरी का सामान खरीदने और बेचने वालों पर निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेने तथा कबाड़खानों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित कबाड़खानों और गोदामों की जांच की।
कबाड़ कारोबारियों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश
चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कबाड़ संचालकों को हिदायत दी कि वे किसी भी प्रकार का संदिग्ध अथवा चोरी का सामान न खरीदें। कबाड़ बेचने के लिए आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम, पता एवं सामान की जानकारी रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने कबाड़ गोदामों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने की भी हिदायत दी। कैमरों की स्थिति ऐसी रखने को कहा गया है, जिससे कबाड़ खरीदने या बेचने के लिए आने वाला व्यक्ति और उसके द्वारा लाया गया सामान स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो सके।
इसके अलावा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा सामान बेचने आने पर तत्काल संबंधित पुलिस थाने को सूचना देने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कबाड़ कारोबारियों को पर्यावरण प्रदूषण संबंधी निर्धारित मानकों का पालन करने की भी समझाइश दी।
चोरी का सामान मिला तो होगी कार्रवाई
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कबाड़खानों की आकस्मिक चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। यदि किसी कबाड़खाने पर चोरी का सामान खरीदते या बेचते हुए कोई व्यक्ति पाया जाता है, तो संबंधित कबाड़ व्यवसायी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के इस अभियान का मुख्य उद्देश्य चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त पर प्रभावी रोक लगाना और जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना है।
What's Your Reaction?