उचेहरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बकरी चोरी गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

Jul 27, 2026 - 23:02
 0  8
उचेहरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बकरी चोरी गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

सतना |

सतना जिले की उचेहरा पुलिस ने बकरी चोरी की लगातार हो रही वारदातों का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बकरी चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने परसमनिया पहाड़ के कारी झिर जंगल से 53 बकरियां और बांधी मौहार गांव से 25 बकरियां चोरी करने की बात कबूल की है। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने रैगांव क्षेत्र में भी बकरी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ अनूपपुर और राजेंद्रग्राम में लूट जैसे गंभीर अपराधों के मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हंशराज सिंह के निर्देशन में तथा उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्रा के नेतृत्व में की गई। अभियान में परसमनिया चौकी प्रभारी संतोष सिंह धुर्वे सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow