भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 89 किलो घी और 171 किलो पनीर ज़ब्त
भोपाल। राजधानी भोपाल में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के दो मावा भंडारों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 89 किलोग्राम संदिग्ध घी और 171 किलोग्राम संदिग्ध पनीर ज़ब्त किया गया। साथ ही घी, पनीर और मावा के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के नेतृत्व में टीम ने आनंद मावा भंडार और महाकाल मावा भंडार की जांच की। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 89 किलो घी (अनुमानित कीमत ₹53,400) और 171 किलो पनीर (अनुमानित कीमत ₹42,750) जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में लिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव, अरुणेश पटेल, जे.पी. लववंशी, जे.पी. विश्वकर्मा और शर्मिला शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि मिलावटी और असुरक्षित खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ राजधानी में विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?