सेफ क्लिक अभियान 2.0: साइबर सुरक्षा के प्रति रतलाम पुलिस का जनजागरूकता अभियान तेज
रतलाम,
रतलाम पुलिस द्वारा संचालित 15 दिवसीय "सेफ क्लिक अभियान 2.0" के तहत सोमवार को 13वें दिन जिलेभर में "साइबर पोर्टल जागरूकता दिवस" मनाया गया। इस दौरान आमजन और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए संचार साथी, CEIR, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP), MRM पोर्टल तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों में बताया गया कि साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करने या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की ट्रैकिंग के लिए CEIR और संचार साथी पोर्टल के उपयोग की जानकारी भी दी गई।
अभियान के तहत ताल, आलोट, जावरा, सैलाना और बाजना सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के स्कूलों में साइबर सुरक्षा कार्यशालाएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, OTP फ्रॉड और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, OTP, PIN, पासवर्ड या बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें तथा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
आज होगी साइबर जागरूकता मैराथन
अभियान के अंतर्गत 7 जुलाई को जिलेभर में साइबर जागरूकता मैराथन आयोजित की जाएगी। जिला मुख्यालय रतलाम में सुबह 7 बजे पोलो ग्राउंड से मैराथन शुरू होगी। पुलिस ने विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों से इसमें भाग लेकर साइबर सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।
What's Your Reaction?