भोपाल में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई: सरकारी जमीन से 20 दुकानों वाला अवैध कॉम्प्लेक्स ध्वस्त, मुंडला की अवैध कॉलोनी पर भी चला बुलडोजर

Jul 24, 2026 - 21:00
 0  18
भोपाल में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई: सरकारी जमीन से 20 दुकानों वाला अवैध कॉम्प्लेक्स ध्वस्त, मुंडला की अवैध कॉलोनी पर भी चला बुलडोजर

भोपाल। 

राजधानी भोपाल में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नीलबड़ और मुंडला क्षेत्र में बुलडोजर चलाया। प्रशासन ने नीलबड़ में शासकीय भूमि पर बने 20 दुकानों वाले अवैध व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स को ध्वस्त कर दिया, जबकि मुंडला में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में सड़क, बाउंड्रीवॉल और गेट हटाकर निर्माण को तोड़ा गया।

हूजूर एसडीएम विनोद सोनकिया की मौजूदगी में राजस्व, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रशासन के अनुसार ग्राम नीलबड़ स्थित मरघट की 0.081 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर कृष्णकांत शुक्ला द्वारा अवैध रूप से कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था। इस कॉम्प्लेक्स में करीब 20 दुकानें बनाई गई थीं। बेदखली की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जेसीबी मशीनों से पूरे निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।

इसी अभियान के तहत ग्राम मुंडला में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी पर भी प्रशासन ने कार्रवाई की। यहां बिना अनुमति बनाई गई सड़क, बाउंड्रीवॉल और मुख्य गेट को हटाया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन कर निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow