मैहर में यातायात नियमों पर सख्ती: हूटर, ब्लैक फिल्म और नेम प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई
मैहर। शहर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए शनिवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान हूटर, ब्लैक फिल्म और वाहनों पर अनधिकृत पदनाम अथवा नेम प्लेट लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान करीब 25 वाहनों के चालान बनाए गए, जिनसे लगभग 24 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन चालकों ने अपने पद और पहचान का हवाला देकर प्रभाव दिखाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट के सामने किसी तरह की सिफारिश या दबाव काम नहीं आया।
जांच के दौरान ऐसे वाहनों पर विशेष नजर रखी गई, जिनमें नियमों के विपरीत हूटर लगाए गए थे या कांच पर ब्लैक फिल्म चढ़ाई गई थी। अनधिकृत नेम प्लेट और पदनाम का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को भी कार्रवाई का सामना करना पड़ा। चालान के साथ वाहन से नियम विरुद्ध लगाए गए हूटर, पन्नी और अन्य साज-सज्जा हटाने की हिदायत दी गई।
कार्रवाई की खबर फैलते ही बदला नजारा
चेकिंग अभियान की जानकारी शहर में फैलते ही कई वाहन चालक कार्रवाई से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों से निकलते नजर आए। वहीं, जिन वाहनों को जांच के दौरान रोका गया, उन्हें नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई।
अभियान से स्पष्ट संदेश दिया गया कि किसी भी व्यक्ति का पद, पहचान या प्रभाव यातायात नियमों से ऊपर नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की ओर से संकेत मिले हैं कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रह सकती है। ऐसे में वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों से अनधिकृत हूटर, ब्लैक फिल्म और नियम विरुद्ध नेम प्लेट हटाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें।
What's Your Reaction?