जावरा को शिक्षा हब बनाने की दिशा में बड़ी पहल, सुजापुर और ढोढर में बालिका छात्रावास भवनों के लिए 6.30 करोड़ रुपये मंजूर
50 सीटर और 100 सीटर छात्रावास भवन बनने से क्षेत्र की सैकड़ों छात्राओं को मिलेगा लाभ, विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री का जताया आभार
जावरा |
जावरा विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप सुजापुर और ढोढर में बालिका छात्रावास भवनों के निर्माण के लिए राज्य शिक्षा केंद्र ने करीब 6 करोड़ 30 लाख रुपये की स्वीकृति जारी कर दी है।
स्वीकृति के तहत ढोढर में 50 सीटर नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास तथा सुजापुर में 100 सीटर बालिका छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। इन भवनों के तैयार होने से क्षेत्र की सैकड़ों छात्राओं को सुरक्षित आवास और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय लंबे समय से क्षेत्र में भवनविहीन स्कूलों और छात्रावासों के लिए नए भवनों की स्वीकृति के प्रयास कर रहे थे। हाल ही में जावरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को इस आवश्यकता से अवगत कराया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने दोनों छात्रावासों के निर्माण की घोषणा की थी। घोषणा के बाद विधायक ने विभागीय स्तर पर लगातार फॉलोअप करते हुए मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री उदयप्रताप सिंह से भी मुलाकात कर छात्राओं की समस्याओं से अवगत कराया।
शिक्षा के क्षेत्र में लगातार मिल रही सौगातें
विधायक डॉ. पांडेय ने कहा कि जावरा विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा का हब बनाने के उद्देश्य से लगातार कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्र में पहले ही दो सांदीपनि विद्यालय, दो औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), दो महाविद्यालय और अब दो बालिका छात्रावास की सौगात मिल चुकी है। इसके अलावा पिपलौदा में जिला स्तरीय दिव्यांग छात्रावास भवन के निर्माण की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सभी भवनविहीन हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के लिए भी भवन निर्माण की स्वीकृति दिलाने के प्रयास जारी हैं और इसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
भाजपा पदाधिकारियों ने जताया आभार
दोनों बालिका छात्रावासों की स्वीकृति पर भाजपा जिला महामंत्री महेश सोनी, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह देवड़ा, मांगीलाल पांचाल, दिनेश पाटीदार, राजेश शर्मा, रितेश जैन, अजय पांडेय, अमित पाठक, बालाराम मालवीय, जगदीश माली, राकेश चौहान सहित अनेक भाजपा पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, स्कूल शिक्षा मंत्री उदयप्रताप सिंह तथा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की छात्राओं के लिए बड़ी सौगात बताया।
What's Your Reaction?