भोपाल में दर्दनाक हादसा: खाटू श्याम के दर्शन करने जा रही चौथी कक्षा की छात्रा की मौत
बैरसिया रोड पर आयशर ट्रक से टकराई बाइक, हादसे में माता-पिता भी घायल; हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान बच्ची ने तोड़ा दम
भोपाल। राजधानी भोपाल में सड़क हादसे में चौथी कक्षा की छात्रा दिव्यांशी साहू की मौत हो गई। वह अपने माता-पिता के साथ बाइक से खाटू श्याम के दर्शन करने जा रही थी। इसी दौरान बैरसिया रोड पर आगे चल रहे आयशर ट्रक से बाइक टकरा गई। हादसे में दिव्यांशी के माता-पिता भी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल बच्ची ने रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ट्रक चालक के अचानक ब्रेक लगाने से अनियंत्रित हुई बाइक
जानकारी के मुताबिक, हादसा 6 अक्टूबर को हुआ था। दिव्यांशी साहू अपने पिता प्रदीप साहू और मां के साथ बाइक से खाटू श्याम के दर्शन करने निकली थी। बैरसिया रोड पर आगे चल रहे आयशर ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीनों को चोटें आईं।
गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया था भर्ती
हादसे के बाद दिव्यांशी और उसके माता-पिता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिव्यांशी की हालत गंभीर थी। डॉक्टरों ने उसका इलाज किया, लेकिन रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिवार में मातम छा गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
दिव्यांशी सीहोर जिले के चैनल गांव की रहने वाली थी। उसकी मौत के बाद हमीदिया अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?