DJ पर पुलिस की कार्रवाई, एक वाहन जब्त; दूसरे पर ₹16 हजार जुर्माना

Oct 11, 2026 - 14:01
 0  13
DJ पर पुलिस की कार्रवाई, एक वाहन जब्त; दूसरे पर ₹16 हजार जुर्माना
DJ पर पुलिस की कार्रवाई, एक वाहन जब्त; दूसरे पर ₹16 हजार जुर्माना

नियमों के उल्लंघन पर एफआईआर दर्ज, फिर भी शहर में तेज आवाज को लेकर लोगों में आक्रोश

विदिशा। त्योहारों के दौरान डीजे की तेज आवाज शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को शोर से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। त्योहारों से पहले प्रशासन और पुलिस डीजे संचालकों के साथ बैठक कर नियमों का पालन करने की हिदायत देते हैं, लेकिन तेज आवाज को लेकर शिकायतें सामने आती रहती हैं। इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर भी लोग नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

हालांकि, नियमों के उल्लंघन पर विदिशा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक डीजे वाहन जब्त किया है और दूसरे डीजे संचालक पर 16 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। एक मामले में एफआईआर भी दर्ज की गई है। कार्रवाई के बावजूद शहर में डीजे की तेज आवाज को लेकर लोगों की चिंता बनी हुई है। शहरवासियों का सवाल है कि नियमों का पालन लगातार सुनिश्चित करने के लिए क्या व्यवस्था की जा रही है।

व्यापारियों ने कहा, सख्त कार्रवाई जरूरी

शहर के व्यापारियों का कहना है कि केवल बैठकें करने और समझाइश देने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। जब तक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक तेज आवाज पर प्रभावी नियंत्रण मुश्किल है। त्योहारों की खुशियों के बीच आम लोगों की परेशानी को भी ध्यान में रखना जरूरी है। प्रशासन को ध्वनि सीमा और निर्धारित समय से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित कराना चाहिए।

बच्चों और मरीजों की परेशानी पर चिंता

छात्र अभिषेक रघुवंशी का कहना है कि डीजे की तेज आवाज हार्ट के मरीजों के लिए परेशानी बढ़ा सकती है। ऐसे मरीजों को तेज शोर से बचाने के लिए प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।

वहीं, बृजेश शर्मा का कहना है कि डीजे की तेज आवाज लोगों की सेहत और सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। उनके मुताबिक, डीजे संचालकों के बीच सड़क पर तेज आवाज में बजाने को लेकर प्रतिस्पर्धा देखने को मिलती है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से इस पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की।

राजेंद्र डीजे को लेकर भी उठ रहे सवाल

शहर में राजेंद्र डीजे के संचालन को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर हो रही चर्चाओं और शिकायतों के बीच लोग पूछ रहे हैं कि यदि नियमों का उल्लंघन होता है, तो संबंधित संचालकों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जाती। क्या प्रशासन की निगरानी पर्याप्त है

सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा

डीजे की तेज आवाज को लेकर सोशल मीडिया पर लोग नाराजगी जता रहे हैं। शहरवासियों की मांग है कि पुलिस और प्रशासन केवल त्योहारों से पहले बैठक करने तक सीमित न रहें, बल्कि आयोजनों के दौरान भी निगरानी करें। नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow