विश्व आदिवासी दिवस पर रतलाम में ट्रैफिक डायवर्जन, रैली मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद
रतलाम।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को रतलाम शहर के पोलो ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक प्रस्तावित है। आयोजन में बड़ी संख्या में आदिवासी संगठनों के सदस्य और सैलाना, सरवन, बाजना, रावटी, शिवगढ़ एवं बिलपांक क्षेत्र से ग्रामीणजन रैली के रूप में शामिल होंगे।
संभावित भीड़ और रैली को देखते हुए रतलाम यातायात पुलिस ने आमजन की सुविधा, सुगम यातायात और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है।
इस रूट से निकलेगी रैली
रैली भील धर्मशाला से शुरू होकर बाजना बस स्टैंड, चांदनी चौक, तोपखाना, गणेश देवरी, डालूमोदी बाजार, नाहरपुरा चौराहा, नाहरपुरा तिराहा, आरोग्यम हॉस्पिटल, नगर निगम तिराहा, मेहंदी कुई बालाजी मंदिर, छत्रीपुल और अंबेडकर तिराहा होते हुए पोलो ग्राउंड पहुंचेगी।
रैली के दौरान इस पूरे मार्ग पर दो पहिया, चार पहिया सहित सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
कार्यक्रम के दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
सैलाना से आने वाले भारी वाहन 80 फीट रोड, डोंगरे नगर, वन विभाग की ओर जाने वाले मार्ग तथा बंजली फंटा और सेजावता फंटा होते हुए बाईपास मार्ग का उपयोग करेंगे।
शिवगढ़ से आने वाले भारी वाहन वरोठ माता मंदिर, नंदलई फंटा और सेजावता होते हुए शहर की ओर जाएंगे।
झाबुआ रोड की ओर से आने वाले भारी वाहन करमदी, सालाखेड़ी और बाईपास मार्ग से जाएंगे।
सालाखेड़ी फंटा से शहर की ओर आने वाले भारी वाहन प्रतापगढ़ पुलिया से डी-मार्ट होते हुए जाएंगे।
इन जगहों पर होगी पार्किंग
कार्यक्रम में आने वाले नागरिकों के दो पहिया और चार पहिया वाहनों के लिए यातायात पुलिस ने पांच स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की है—
उत्कृष्ट विद्यालय
अमृत सागर गार्डन
मिशन कंपाउंड
सैलाना बस स्टैंड
अंबेडकर भवन, पोलो ग्राउंड
यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है। रैली मार्ग और प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन पार्क नहीं करने को कहा गया है।
यातायात पुलिस ने की सहयोग की अपील
रतलाम यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि 9 अगस्त को यात्रा के दौरान जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें। यातायात व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोगपूर्वक पालन करें, ताकि किसी तरह की असुविधा न हो।
पुलिस के अनुसार नागरिकों के सहयोग से विश्व आदिवासी दिवस का आयोजन सुगम, सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सकेगा।
What's Your Reaction?