भोपाल से रवाना हुई पुष्पक एक्सप्रेस में युवक की संदिग्ध मौत, बीना स्टेशन पर मिला शव

Jul 31, 2026 - 11:21
 0  63
भोपाल से रवाना हुई पुष्पक एक्सप्रेस में युवक की संदिग्ध मौत, बीना स्टेशन पर मिला शव
भोपाल से रवाना हुई पुष्पक एक्सप्रेस में युवक की संदिग्ध मौत, बीना स्टेशन पर मिला शव

कोरबा निवासी युवक की आधार कार्ड से हुई पहचान, जीआरपी हर पहलू से कर रही जांच

बीना/भोपाल।

भोपाल से लखनऊ जा रही 12534 पुष्पक एक्सप्रेस में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव ट्रेन के जनरल कोच के शौचालय की खिड़की से फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन पर रुकवाया, जहां जीआरपी ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर गोरावर सिंह (30), पिता कुंजीलाल, निवासी कलीन चौक, पड़निया, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, पुष्पक एक्सप्रेस गुरुवार रात करीब 10 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। रात लगभग 12 बजे ट्रेन के गार्ड ने जनरल कोच के शौचालय की खिड़की पर युवक को फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और ट्रेन को बीना रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर रोका गया।

मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। यात्रियों से पूछताछ में सामने आया कि युवक भोपाल स्टेशन से ही जनरल कोच में सवार हुआ था और काफी देर तक कोच के गेट के पास बैठा दिखाई दिया। इसके बाद वह शौचालय की ओर गया, लेकिन घटना कैसे हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।

जीआरपी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान भी जांच का हिस्सा बनाए जाएंगे।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना या अन्य किसी संभावित कारण सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow