शासकीय स्कूल का ताला तोड़कर मिड-डे मील का गेहूं और सामान चुराने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

Oct 8, 2026 - 20:53
 0  7
शासकीय स्कूल का ताला तोड़कर मिड-डे मील का गेहूं और सामान चुराने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

नजीराबाद पुलिस को मिली बड़ी सफलता

भोपाल। 

राजधानी के थाना नजीराबाद क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्राम डोंगरगांव के शासकीय स्कूल में हुई नकबजनी (चोरी) की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लगभग 20,000 रुपये कीमत का सामान भी बरामद कर लिया है।

ताला तोड़कर साफ कर दिया था स्कूल का सामान

मामले की जानकारी देते हुए फरियादी हीरा गिरी गोस्वामी (60) निवासी ग्राम रुनाहा ने पुलिस को बताया कि 7 अक्टूबर को अज्ञात बदमाश ने ग्राम डोंगरगांव स्थित शासकीय स्कूल का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद आरोपी स्कूल का कीमती सामान और बच्चों के मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) के लिए रखी गेहूं की बोरी चोरी कर रफूचक्कर हो गया। शिकायत पर नजीराबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

भूसे के ढेर में छिपा रखा था चोरी का सामान

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नजीराबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्यों के आधार पर संदेही लाला बना उर्फ राजवर्धन सिंह (32) पिता इन्द्रजीत सिंह राजपूत निवासी ग्राम डोंगरगांव को हिरासत में लिया। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के पीछे भूसे के ढेर में छिपाकर रखा चोरी का सामान बरामद किया।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपी के पास से मिड-डे मील की गेहूं की कट्टी, 4 प्लास्टिक की कुर्सियां, 2 लोहे की बेंच, 1 लोहे की डेस्क, 1 स्टील की बाल्टी और 1 बिछाने का फर्श जब्त किया है। जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 20,000 रुपये बताई जा रही है।

कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका

24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा करने वाली इस त्वरित कार्रवाई में नजीराबाद थाना प्रभारी शाहबाज़ खान के नेतृत्व में उपनिरीक्षक फूल सिंह किरार, प्रधान आरक्षक प्रदीप किरार, प्रधान आरक्षक भागीरथ प्रसाद, आरक्षक मनोज धाकड़, आरक्षक उपेन्द्र सिंह एवं आरक्षक सुशील वर्मा की विशेष व सराहनीय भूमिका रही।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow