शिक्षक अभ्यर्थियों का अनशन समाप्त
डीपीआई कार्यालय के सामने अनशन पर बैठे थे अभ्यार्थी
वर्ग-2 व 3 के अभ्यर्थियों का जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया
भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) कार्यालय के बाहर अपनी न्यायसंगत मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे वर्ग-2 एवं वर्ग-3 के शिक्षक अभ्यर्थियों का अनशन समाप्त करवा दिया गया है। पद वृद्धि और रोजगार की मांग को लेकर अभ्यर्थी बीते कई दिनों से डीपीआई के बाहर डटे हुए थे, जिनमें से कई आंदोलनकारियों की स्थिति बिगड़ने लगी थी।
मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों को जूस पिलाकर उनकी भूख हड़ताल समाप्त कराई। इस दौरान सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया गया कि मोहन सरकार युवाओं और अभ्यर्थियों की जायज मांगों को अनसुना कर रही है। नेताओं ने कहा कि प्रदेश के युवा अपने हक और रोजगार के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है। आलम यह है कि अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य और जान पर बन आने के बाद भी शासन-प्रशासन का रवैया उदासीन बना हुआ है।
कांग्रेस नेताओं ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि उनके हक और अधिकारों की इस लड़ाई में पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा और सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को उठाया जाएगा।
What's Your Reaction?