NEET पेपर लीक पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, हेमंत खंडेलवाल बोले- छात्रों को गुमराह कर रहे राहुल गांधी

Jul 24, 2026 - 22:05
 0  7
NEET पेपर लीक पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, हेमंत खंडेलवाल बोले- छात्रों को गुमराह कर रहे राहुल गांधी

दतिया/भोपाल।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। दतिया में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद में इस मुद्दे पर सार्थक चर्चा करने के बजाय छात्रों को गुमराह कर रहे हैं।

खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर अब NEET पेपर लीक से जुड़े मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी, जिससे दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने बताया कि आरोपियों पर सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस कानून में पेपर लीक, नकल, सॉल्वर गैंग और अन्य अनुचित गतिविधियों के लिए कड़ी सजा और भारी जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने दावा किया कि सीबीआई अपनी जांच लगभग पूरी कर चुकी है और जल्द ही गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश की जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार संसद में NEET और उससे जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस और इंडिया गठबंधन चर्चा से बचते हुए संसद का कामकाज बाधित कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष समाधान देने के बजाय इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है।

खंडेलवाल ने कहा कि परीक्षा प्रणाली को लीक-प्रूफ बनाने के लिए केंद्र सरकार ने कई कानूनी और प्रशासनिक कदम उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने हाल के समय में पेपर लीक के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कई गिरफ्तारियां की हैं और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow