धनवाही डैम में मिला अज्ञात युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

Sep 29, 2026 - 21:44
 0  59
धनवाही डैम में मिला अज्ञात युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

उमरिया/नौरोजाबाद।

जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत *ग्राम पंचायत घुलघुली के धनवाही डैम* में मंगलवार दोपहर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर धनवाही डैम के पानी में लोगों ने एक युवक का शव तैरते हुए देखा। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कुछ ही देर में घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने मामले की सूचना नौरोजाबाद थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और डैम के आसपास के इलाके का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जानकारी जुटाई और शव की स्थिति का जायजा लिया।

*शिनाख्त में जुटी पुलिस:*

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक कौन है और वह धनवाही डैम तक कैसे पहुंचा। ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जानकारी भी जुटा रही है।

नौरोजाबाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow