हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने के बजाय कांग्रेस आत्ममंथन करे: सीएम मोहन यादव

Oct 8, 2026 - 20:45
 0  6
हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने के बजाय कांग्रेस आत्ममंथन करे: सीएम मोहन यादव

CM बोले हार में आयोग दोषी और जीत में सही, यह दोहरा रवैया लोकतंत्र के लिए उचित नहीं

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर चुनावी हार के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराने का आरोप लगाते हुए पार्टी को आत्ममंथन करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से कांग्रेस को कई राज्यों में सरकार बनाने का अवसर मिला, उसी आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाना उचित नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर ही कांग्रेस को अविश्वास है तो केरल और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत का क्या अर्थ है? उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और वहां भी इसी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक प्रक्रिया के तहत चुनाव हुए हैं। तमिलनाडु में भी राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार गठबंधन और सरकार में भागीदारी के निर्णय लिए जाते हैं।

कांग्रेस अपनी कमजोरियों पर करे विचार

डॉ. यादव ने कहा कि लगातार चुनावों में कांग्रेस की पराजय के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। कांग्रेस को यह विचार करना चाहिए कि तमिलनाडु में वह लंबे समय से कमजोर क्यों है, पश्चिम बंगाल में दशकों से सत्ता से बाहर क्यों है और उत्तर प्रदेश व बिहार सहित कई राज्यों में उसका जनाधार क्यों कमजोर हुआ है।

उन्होंने कहा कि इन सवालों का जवाब चुनाव आयोग को दोष देने में नहीं, बल्कि कांग्रेस के संगठन और नेतृत्व की कमजोरियों के आत्ममंथन में मिलेगा।

संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना उचित नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और यहां चुनाव की पूरी प्रक्रिया संवैधानिक व्यवस्था के तहत चुनाव आयोग के माध्यम से संपन्न होती है। चुनावी पराजय को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि लगातार हार के बाद अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास लोकतंत्र के हित में नहीं है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को अपनी पार्टी के प्रदर्शन और नेतृत्व का आत्ममंथन करना चाहिए।

संगठन मजबूत करने पर ध्यान दे कांग्रेस

डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस को चुनाव आयोग अथवा अन्य संवैधानिक संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराने के बजाय अपने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं का विश्वास बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज भारत पूरी दुनिया के सामने मजबूती के साथ खड़ा है। अत्यंत साधारण परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे नरेंद्र मोदी ने देश का मान-सम्मान बढ़ाया और प्रधानमंत्री पद की गरिमा स्थापित की है। उनकी लोकप्रियता को कम करने के प्रयास सफल नहीं होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को अपनी कमजोरियों को स्वीकार कर संगठन को मजबूत बनाना चाहिए और जनता के बीच अपना विश्वास दोबारा स्थापित करने की दिशा में काम करना चाहिए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow