शहर में डीजे पर रोक लगाने की उठी मांग, शांति समिति की बैठक में गूंजा मुद्दा

Oct 14, 2026 - 14:48
 0  16
शहर में डीजे पर रोक लगाने की उठी मांग, शांति समिति की बैठक में गूंजा मुद्दा

ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नियमों का पालन कराने पर जोर, त्योहारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी निर्देश

विदिशा। त्योहारों के दौरान डीजे के शोर को लेकर शहर में एक बार फिर आवाज उठी है। मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित शांति समिति की बैठक में शहर में डीजे नहीं बजने देने का मुद्दा उठाया गया। नवरात्रि, दशहरा और दीपावली को देखते हुए हुई बैठक में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर चर्चा हुई। प्रशासन ने डीजे पर पूरी तरह रोक लगाने के बजाय निर्धारित नियमों, ध्वनि मानकों और समय-सीमा का पालन कराने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर अंशुल गुप्ता की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी की मौजूदगी में हुई बैठक में त्योहारों के दौरान चल समारोह, झांकियों, गरबा आयोजनों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। चल समारोहों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, प्रभावी गश्त और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। चल समारोहों में हथियार लेकर चलने पर रोक रहेगी।

### झांकियों के आसपास आपातकालीन रास्ता रखना होगा खुला

आयोजन समितियों को झांकियों की स्थापना इस तरह करने के निर्देश दिए गए कि एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड के आवागमन में बाधा नहीं आए। विद्युत वायरिंग सुरक्षित रखने, यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुचारू बनाने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए संबंधित विभागों को समन्वय करने को कहा गया। समितियों को वालंटियर की सूची पुलिस को देने और व्यवस्थापकों को पहचान पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

 सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट से बचने की अपील

बैठक में गरबा और डांस कार्यक्रमों में आपत्तिजनक गीतों व नृत्य पर रोक रखने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर और एसपी ने नागरिकों से त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने तथा सोशल मीडिया पर भड़काऊ या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट प्रसारित नहीं करने की अपील की।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी, सीएसपी अतुल सिंह, एसडीएम मनीष जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, आयोजन समितियों के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow