जावरा में अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विभाग का शिकंजा, ट्रक और ट्रैक्टर जब्त

Oct 15, 2026 - 12:04
 0  23
जावरा में अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विभाग का शिकंजा, ट्रक और ट्रैक्टर जब्त
जावरा में अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विभाग का शिकंजा, ट्रक और ट्रैक्टर जब्त

जलाऊ और इमारती लकड़ी का अवैध परिवहन करते तीन लोग पकड़े गए, मध्यप्रदेश अभिवहन वनोपज नियम के तहत कार्रवाई

जावरा/रतलाम। वन संपदा की सुरक्षा और अवैध वनोपज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए रतलाम वनमंडल द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एक ट्रक और एक ट्रैक्टर जब्त किया है। दोनों वाहनों से जलाऊ एवं इमारती लकड़ी का अवैध परिवहन किया जा रहा था। इन मामलों में कुल तीन व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग की यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक डॉ. किरण बिसेन एवं वनमंडलाधिकारी डॉ. अनुभा त्रिवेदी के मार्गदर्शन तथा उपवनमंडलाधिकारी रतलाम दिनेश कुमार जमरे के निर्देशन में की गई।

धाकड़ चौराहे पर जलाऊ लकड़ी का अवैध परिवहन करते ट्रक जब्त

वन विभाग के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को वन परिक्षेत्र अधिकारी सैलाना राधेश्याम जोशी, परिक्षेत्र सहायक जावरा कमल सिंह देवड़ा तथा वनरक्षक हरीश चंद्र भट्ट, जितेंद्र जटिया और लालचंद मच्छार द्वारा उज्जैन-जावरा रोड स्थित धाकड़ चौराहे पर जांच एवं गश्त की जा रही थी। इसी दौरान बीट जावरा, वन परिक्षेत्र सैलाना क्षेत्र में जलाऊ लकड़ी का अवैध परिवहन करते हुए ट्रक क्रमांक GJ-09-X-9979 को जब्त किया गया।

इस मामले में कल्पेश पटेल पिता बालमभाई पटेल, निवासी ग्राम लोधी, तहसील सेहरा, जिला पंचमहल (गुजरात) को पकड़ा गया।

इमारती लकड़ी का परिवहन करते ट्रैक्टर पकड़ा

इसी दिन वन विभाग की टीम ने दूसरी कार्रवाई में इमारती लकड़ी का अवैध परिवहन करते हुए ट्रैक्टर क्रमांक MP 14 ZE 8983 जब्त किया। इस मामले में लाला पिता भंवर लाल, निवासी मंदसौर तथा शंकरलाल पिता ऊंकार, निवासी जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) को पकड़ा गया।

वन विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी

वन विभाग ने दोनों मामलों में मध्यप्रदेश अभिवहन वनोपज नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि वन संपदा की सुरक्षा और अवैध वनोपज परिवहन पर रोक लगाने के लिए जांच एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow