सीएम डॉ मोहन यादव ने उमरिया जिले के गुरूवाही से जारी की लाड़ली बहना योजना की 41वीं क़िस्त
उमरिया।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज उमरिया जिले के मानपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुरूवाही में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने *लाड़ली बहना योजना की 41वीं किस्त* सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की *1.25 करोड़ हितग्राही बहनों* के खाते में जारी की।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लाड़ली बहना योजना की हितग्राही बहनों सहित जिले के नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान सीएम ने जिले को बड़ी सौगात देते हुए *14,415.93 लाख रुपये की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन* भी किया।
कार्यक्रम में मानपुर विधायक मीना सिंह एवं बांधवगढ़ विधायक शिवनारायण सिंह ने अपनी-अपनी विधानसभा के लिए कई मांगें सीएम के समक्ष रखीं, जिन्हें सीएम डॉ यादव ने मंच से ही पूरा करने की घोषणा की।
*सीएम बोले - जनकल्याणकारी योजनाओं पर लगातार राशि जारी कर रही सरकार*
मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा, "आज उमरिया जिले में कार्यक्रम के माध्यम से लाडली बहना योजना की 41वीं किस्त बहनों के खाते में डाली गई है। मानपुर विधानसभा में आज बड़ा कार्यक्रम आयोजित हुआ है। हमारी सरकार लगातार जनहितैषी कार्यों को आगे बढ़ा रही है और उसके लिए राशि जारी कर रही है। जनकल्याणकारी और समाज में परिवर्तन लाने वाली सभी योजनाओं के लिए धनराशि आवंटित की जा रही है।"
उन्होंने कहा कि आदिवासी बाहुल्य उमरिया जिले में रोजगार से जुड़े बड़े काम किए जा रहे हैं, कृषि को बढ़ावा दिया जा रहा है और टूरिज्म के क्षेत्र में बांधवगढ़ में बड़ी संभावनाएं हैं। आने वाले समय में अमरकंटक में भी पर्यावरण हितैषी कई योजनाएं शुरू की जाएंगी।
अगले वर्ष जनगणना का काम होना है
उमरिया जिले की करकेली तहसील के गठन के 10 वर्ष बाद भी पद स्वीकृत न होने के सवाल पर सीएम ने कहा, "इन सभी कामों के लिए आयोग बनाया गया है। जैसे-जैसे आयोग से रिपोर्ट प्राप्त हो रही है, सभी रुके हुए कामों को पूरा किया जा रहा है। क्योंकि अगले वर्ष जनगणना का काम होना है, इसलिए हमने अभी इसे रोका हुआ है। जनगणना 2011 के बाद नहीं हुई है, इस कारण तथ्यात्मक आकलन के बाद इन सभी कामों को पूरा किया जाएगा।"
What's Your Reaction?