भोपाल के चार थानों को मिला ISO-9001:2015 सर्टिफिकेट, पुलिस कमिश्नर ने स्टाफ को दी बधाई

Oct 5, 2026 - 22:17
 0  13
भोपाल के चार थानों को मिला ISO-9001:2015 सर्टिफिकेट, पुलिस कमिश्नर ने स्टाफ को दी बधाई
भोपाल के चार थानों को मिला ISO-9001:2015 सर्टिफिकेट, पुलिस कमिश्नर ने स्टाफ को दी बधाई

बागसेवनिया, अशोका गार्डन, कोलार और खजूरी थाने के साथ जोन-3 के एडिशनल डीसीपी कार्यालय को मिली मान्यता

भोपाल। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा थानों के जीर्णोद्धार और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को शहर के चार थानों समेत एडिशनल डीसीपी कार्यालय जोन-3 को ISO-9001:2015 प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। बागसेवनिया, अशोका गार्डन, कोलार और खजूरी थाना अब ISO मानकों के अनुरूप कार्य करने वाले पुलिस कार्यालयों की श्रेणी में शामिल हो गए हैं।

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार, एडिशनल कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान तथा ISO टीम की मौजूदगी में संबंधित थानों के अधिकारियों और स्टाफ को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

जर्जर थानों का किया गया जीर्णोद्धार

भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने शहर के थानों के जीर्णोद्धार को अभियान के रूप में लिया है। इसके तहत ऐसे थानों को चिन्हित किया गया, जहां भवन जर्जर स्थिति में थे और पुलिस स्टाफ के साथ आम लोगों एवं पीड़ितों के बैठने तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। रिकॉर्ड के रखरखाव की स्थिति भी बेहतर नहीं थी।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थानों में पुराने रिकॉर्ड को नियमानुसार नष्ट करने और संधारित करने की प्रक्रिया की गई। इसके साथ ही आमजन के बैठने की व्यवस्था, थानों का सौंदर्यीकरण और जनोन्मुखी सुविधाओं को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया।

ISO टीम ने गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का किया मूल्यांकन

ISO टीम द्वारा थानों की व्यवस्थाओं, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन के बाद बागसेवनिया, अशोका गार्डन, कोलार, खजूरी और एडिशनल डीसीपी कार्यालय जोन-3 को ISO-9001:2015 प्रमाणपत्र के लिए चयनित किया गया।

इससे पहले थाना मिसरोद, रातीबड़ और महिला थाना भी ISO सर्टिफाइड किए जा चुके हैं।

बेहतर पुलिसिंग और जनसेवा पर जोर

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने ISO प्रमाणपत्र मिलने पर संबंधित थाना स्टाफ और अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने अन्य थानों को भी इसी श्रेणी में लाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान थानों में आमजन के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया गया।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि थानों में की गई व्यवस्थाओं का उद्देश्य यहां आने वाले लोगों को बेहतर और सुविधाजनक पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है। इससे पुलिस कार्यप्रणाली में प्रभावी व्यावसायिक दक्षता आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भोपाल कमिश्नरेट के अन्य थानों का भी इसी तरह जीर्णोद्धार कर उन्हें ISO-9001:2015 प्रमाणपत्र दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।

ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में DCP विकास सहवाल, Addl. DCP शालिनी दीक्षित, Addl. DCP मिनी शुक्ला, ACP उमराव सिंह, ACP मनोज कुमार, ISO से योगेंद्र द्विवेदी, RI जयसिंह तोमर सहित बागसेवनिया, कोलार, अशोका गार्डन, खजूरी सड़क और एमपी नगर थाना प्रभारी, पुलिस स्टाफ, गणमान्य नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow