तीन संदिग्ध मौतों की आपराधिक जांच की मांग, अधिवक्ता ने एसपी को सौंपा आवेदन
रिपोर्ट--- आकाश नामदेव
अनूपपुर । मुख्यालय के सामतपुर वार्ड क्रमांक 01 स्थित मड़फा तालाब के पश्चिम भाग में वर्ष 2020 से 2023 के बीच मिले तीन शवों के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठी है। जिला सलाहकार समिति (विधि क्षेत्र) के सदस्य अधिवक्ता भूपेन्द्र सिंह सैंगर ने पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को दिनांक 01-09-2026 को लिखित आवेदन देकर मामले की आपराधिक दृष्टिकोण से जांच कराने का अनुरोध किया है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि उक्त अवधि में मड़फा तालाब के पास तीन व्यक्तियों के शव मिले थे। आवेदक के अनुसार थाना अनूपपुर पुलिस द्वारा मामलों में मर्ग कायम कर खात्मा लगाया गया, परंतु जांच के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ध्यान नहीं दिया गया।
आवेदक ने बताया कि सूचना के अधिकार के तहत मर्ग रिपोर्ट मांगे जाने पर उन्हें रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई।
आवेदन में तीन मृतकों में से एक बैगा समुदाय के व्यक्ति तथा दो कटनी निवासियों के रूप में पहचान का उल्लेख है, जिनमें एक डॉ. जैन और दूसरे राममनोहर वर्मन पिता स्व. रामप्रसाद वर्मन निवासी कटनी शामिल हैं। आवेदन के अनुसार राममनोहर वर्मन के शव की पहचान उनकी पत्नी रुकमणी वर्मन द्वारा की गई।
अधिवक्ता सैंगर ने आवेदन में मांग की है कि जांच के दौरान मृतकों के बैंक खाते, नॉमिनी, संपत्ति का विवरण तथा उनके नाम पर संचालित बीमा पॉलिसी और बीमा राशि प्राप्तकर्ता के संबंध में विस्तृत जांच की जाए। पीएम रिपोर्ट सहित सभी दस्तावेजों की समीक्षा की जाए।
आवेदन में आशंका व्यक्त की गई है कि यह संगठित तरीके से किया गया अपराध हो सकता है, जिसमें बीमा राशि और संपत्ति प्राप्त करना उद्देश्य रहा हो।
अंत में आवेदक ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने हेतु अनुरोध किया है कि उक्त मामलों की जांच तत्कालीन नगर निरीक्षक अनूपपुर के कार्यकाल से जुड़े होने के कारण किसी अन्य अधिकारी से कराई जाए।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले में नियमानुसार जांच कराने का आश्वासन दिया गया है।
इनका कहना है।
आपने जानकारी दी है आवेदन दिखावा लेता हूँ प्रकरण का परीक्षण करने के पश्चात कार्यवाही की जाएगी।
विक्रांत मुराब
पुलिस अधीक्षक,अनूपपुर
What's Your Reaction?