रतलाम पुलिस की बड़ी सफलता: माणकचौक थाना पुलिस ने 10 गुम हुए मोबाइल खोजकर मालिकों को लौटाए
रतलाम। रतलाम के माणकचौक थाना पुलिस ने आमजन के गुम हुए मोबाइल फोन तलाशने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से 10 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश पर गुम हुए मोबाइलों की खोज के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माणकचौक निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया।
बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों—रामु चौहान, अनिल भाभर, रजत परमार, गोविन्द, ईश्वरलाल बारिया, सतीश छाजेड़, मुस्तफा कुतुबुद्दीन, तनिष्क राठौर, विरेन्द्र राठौर और इरफान अब्बासी—को सौंपे गए। अपने मोबाइल वापस मिलने पर सभी लोगों ने रतलाम पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के साथ प्रधान आरक्षक राजसिंह, राजेश मईड़ा, विजय झोड़िया, आरक्षक पंकज कुमार, आरक्षक अविनाश राठौर (सायबर), महिला आरक्षक वर्षा पाटीदार एवं प्रवीणा की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तकनीकी सहायता से मोबाइल की शीघ्र तलाश कर उसे वापस दिलाया जा सके।
What's Your Reaction?