मैहर में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 61.380 लीटर शराब व बाइक जब्त
मैहर।
जिले के ताला थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 61.380 लीटर अवैध शराब और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (MP19ZG1145) जब्त की है। मामले में एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर के निर्देशन तथा एसडीओपी अमरपाटन ख्याति मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ताला निरीक्षक महेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
26 जुलाई 2026 को थाना ताला पुलिस को सूचना मिली थी कि भड़री गांव की ओर से दो युवक काले रंग की मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर ताला-अमरपाटन मुख्य मार्ग की ओर आ रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने भड़री मोड़ पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद बताए गए हुलिये की बाइक दिखाई देने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पीछे बैठा एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि चालक राकेश यादव (26 वर्ष), निवासी रामगढ़, थाना ताला को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में फरार आरोपी की पहचान संदीप केवट निवासी रामगढ़ के रूप में हुई।
इतनी शराब हुई बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 300 पाउच प्रिंस लेमन देशी प्लेन शराब (54 लीटर) तथा 41 शीशी गोवा व्हिस्की (7.380 लीटर) बरामद की। जब्त शराब की कुल मात्रा 61.380 लीटर है, जिसकी कीमत ₹28,335 बताई गई है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी संदीप केवट की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
What's Your Reaction?