घोड़ाडोंगरी विकासखंड के शांतिपुर-2 विद्यालय को मिला स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार
घोड़ाडोंगरी। विकासखंड के दूरस्थ अंचल में स्थित माध्यमिक शाला शांतिपुर-2 ने स्वच्छता और बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय को वर्ष 2025-26 के लिए स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी संतोष जोड़े को राज्य स्तर से प्राप्त प्रशस्ति-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की इस उपलब्धि पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों में हर्ष का माहौल है।
बताया गया कि शांतिपुर-2 विद्यालय को वर्ष 2021-22 में भी स्वच्छ विद्यालय का राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। लगातार दूसरी बार राज्य स्तर पर सम्मान मिलना विद्यालय की स्वच्छता व्यवस्था और सुविधाओं के बेहतर रखरखाव को दर्शाता है।
करीब 450 विद्यार्थी करते हैं अध्ययन
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय में आसपास के अनेक गांवों से विद्यार्थी निजी वाहनों से पहुंचकर अध्ययन करते हैं। वर्तमान में यहां करीब 450 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
विद्यालय परिसर में गार्डन, कंप्यूटर हॉल, कंप्यूटर लैब, आरओ वाटर कूलर, खेल मैदान, स्मार्ट टीवी और शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं मौजूद हैं। इन सुविधाओं के साथ स्वच्छता और विद्यालय परिसर के रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
विद्यालय को स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार मिलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने खुशी जताई है। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि को शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया!
What's Your Reaction?