भोपाल मंडल में राष्ट्रध्वज की शान और देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
डीआरएम पंकज त्यागी ने किया ध्वजारोहण, परेड का निरीक्षण कर ली सलामी; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
भोपाल, 15 अगस्त 2026। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में स्वतंत्रता, राष्ट्रगौरव और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, हबीबगंज परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से भर उठा।
इसके पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। डीआरएम श्री पंकज त्यागी ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। रेलवे सुरक्षा बल सहित विभिन्न दलों की अनुशासित एवं आकर्षक परेड ने समारोह की गरिमा और उत्साह को बढ़ाया।
महाप्रबंधक का संदेश पढ़ा गया
समारोह में पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन मंडल रेल प्रबंधक द्वारा किया गया। संदेश में राष्ट्र निर्माण में भारतीय रेल की भूमिका, रेल कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, यात्रियों की सुरक्षा तथा बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।
परेड और मार्च-पास्ट के बाद देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने रेल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का संचार किया।
अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अभिराम खरे एवं श्री योगेन्द्र बघेल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विजय सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ. अभिषेक, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक एवं अध्यक्ष, मंडल कल्याण संगठन द्वारा तिरंगे रंग के गुब्बारे खुले आसमान में छोड़े गए। यह दृश्य स्वतंत्रता, एकता, आशा और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बना।
रेल संस्थान और वोट क्लब में भी हुए कार्यक्रम
मुख्य समारोह के बाद रेल संस्थान, भोपाल में ध्वजारोहण सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके पश्चात वोट क्लब, भोपाल में रेलवे इंजन पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस आयोजन के माध्यम से रेल परिवार की राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को अभिव्यक्ति मिली।
तिरंगा रोशनी से जगमगाए रेलवे स्टेशन
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भोपाल मंडल कार्यालय, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और भोपाल रेलवे स्टेशन को आकर्षक तिरंगा रंगों की विद्युत सजावट से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते रेलवे परिसर यात्रियों और आमजन के आकर्षण का केंद्र बने और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और जीवंत किया।
भोपाल मंडल के स्वतंत्रता दिवस समारोह ने राष्ट्र के प्रति समर्पण, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और भारतीय रेल की सेवा भावना का संदेश दिया।
What's Your Reaction?