भक्ति एक्सप्रेस में सवार हुईं नौ देवियां, भोलेनाथ बने चालक

Oct 12, 2026 - 14:54
 0  12
भक्ति एक्सप्रेस में सवार हुईं नौ देवियां, भोलेनाथ बने चालक
भक्ति एक्सप्रेस में सवार हुईं नौ देवियां, भोलेनाथ बने चालक

मोहनगिरी तिराहे पर 10 डिब्बों की अनोखी झांकी, अंतिम बोगी में गणेशजी गार्ड के रूप में विराजमान

विदिशा। शहर के मोहनगिरी में नवरात्रि के अवसर पर भारतीय रेल की तर्ज पर माता रानी की अनोखी झांकी सजाई गई है। इंजन सहित 10 डिब्बों वाली इस ट्रेन को भक्ति एक्सप्रेस नाम दिया गया है। ट्रेन के नौ डिब्बों में मां दुर्गा के नौ स्वरूप विराजमान हैं, वहीं अंतिम बोगी में भगवान गणेश को गार्ड के रूप में स्थापित किया गया है। भगवान भोलेनाथ ट्रेन के चालक के रूप में नजर आ रहे हैं। झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

रेलवे स्टेशन से मोहनगिरी तक निकाली ट्रेन

पुरानी भाप इंजन वाली ट्रेन की याद दिलाने वाली इस झांकी को शनिवार शाम विदिशा रेलवे स्टेशन पर तैयार किया गया। सभी डिब्बों में माता रानी के स्वरूप विराजमान करने के बाद ट्रेन को शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मोहनगिरी तक ले जाया गया। झांकी स्थल को मोहनगिरी तिराहा जंक्शन नाम दिया गया है। करीब 120 फीट क्षेत्र में बनाए गए पंडाल में भक्ति और रेलवे की थीम का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

हर साल कुछ नया करने का प्रयास

झांकी समिति के अध्यक्ष सोनू राजपूत ने बताया कि उनकी टीम हर साल नवरात्रि में कुछ नया करने के लिए जुट जाती है। इसी सोच के साथ इस बार भक्ति एक्सप्रेस की थीम पर झांकी तैयार की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को माता रानी के दर्शन के साथ कुछ अलग देखने को मिले।

नौ डिब्बों में नौ देवियों के दर्शन

भक्ति एक्सप्रेस के पहले डिब्बे में मां शैलपुत्री, दूसरे में मां ब्रह्मचारिणी, तीसरे में मां चंद्रघंटा, चौथे में मां कूष्मांडा और पांचवें में मां स्कंदमाता विराजमान हैं। छठवें डिब्बे में मां कात्यायनी, सातवें में मां कालरात्रि, आठवें में मां महागौरी और नौवें डिब्बे में मां सिद्धिदात्री के दर्शन हो रहे हैं। ट्रेन में भगवान भोलेनाथ को चालक और भगवान गणेश को गार्ड के रूप में दर्शाया गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow