मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी सफलता: दो सप्ताह में 1,808 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए
भोपाल,
एम्पी पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए तकनीकी संसाधनों, CEIR पोर्टल और साइबर सेल की मदद से बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले दो सप्ताह में प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1,808 गुम मोबाइल फोन और एक टैबलेट बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 47 लाख 81 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने इन सभी उपकरणों को उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपा।
मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। पुलिस की इस कार्रवाई से नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।
छिंदवाड़ा में 501 मोबाइल बरामद
छिंदवाड़ा पुलिस ने रक्षाबंधन के पूर्व विशेष अभियान चलाकर 501 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। साइबर सेल की तकनीकी दक्षता और लगातार किए गए प्रयासों से मोबाइलों को ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया।
ग्वालियर में 451 मोबाइल की रिकवरी
ग्वालियर साइबर सेल ने CEIR पोर्टल की मदद से 1 करोड़ 03 लाख रुपये कीमत के 451 गुम मोबाइल फोन देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से बरामद किए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए गए। वहीं, लावारिस मोबाइल पुलिस को सौंपकर जागरूक नागरिकता का परिचय देने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
छतरपुर में ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत कार्रवाई
छतरपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत 276 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। इन मोबाइलों की कीमत करीब 41 लाख 40 हजार रुपये है। साइबर टीम और तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइलों को तलाश कर उनके धारकों को वापस किया गया।
दतिया और जबलपुर में भी मिली सफलता
दतिया पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से 173 गुम मोबाइल फोन ट्रेस किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है। वहीं, जबलपुर पुलिस ने CEIR पोर्टल के जरिए 134 मोबाइल फोन, करीब 23 लाख रुपये कीमत के, बरामद कर संबंधित आवेदकों को लौटाए।
सागर में IMEI के जरिए ट्रेस किए मोबाइल
सागर साइबर टीम ने साइबर तकनीक और CEIR पोर्टल की मदद से 112 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये है। टीम ने IMEI नंबर और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों सहित अन्य राज्यों में उपयोग हो रहे मोबाइलों को ट्रेस किया।
खंडवा और श्योपुर में भी कार्रवाई
खंडवा पुलिस ने ‘ऑपरेशन सहयोग’ के तहत 109 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी कुल कीमत करीब 20 लाख 48 हजार रुपये है। वहीं, श्योपुर पुलिस ने करीब 6 लाख रुपये कीमत के 40 गुम मोबाइल फोन तलाश कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।
ट्रेनों में चोरी हुए मोबाइल भी बरामद
जीआरपी इंदौर ने ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 9 एंड्रॉइड मोबाइल और एक टैबलेट, जिसकी कुल कीमत 1 लाख 88 हजार 689 रुपये है, बरामद किए गए।
वहीं, जीआरपी उज्जैन की कार्रवाई में आरोपियों से 2 मोबाइल फोन और 8 हजार रुपये नकद, कुल करीब 55 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
सेकंड हैंड मोबाइल खरीदने से पहले करें IMEI की जांच
मध्यप्रदेश पुलिस की लगातार कार्रवाई से स्पष्ट है कि तकनीकी संसाधनों और साइबर सेल की मदद से गुम एवं चोरी हुए मोबाइलों को ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने का अभियान प्रभावी रूप से जारी है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सेकंड हैंड मोबाइल खरीदने से पहले Sanchar Saathi ऐप पर IMEI नंबर का सत्यापन जरूर करें। इससे चोरी या गुम हुए मोबाइल की खरीद से बचने में मदद मिलेगी और संदिग्ध मोबाइल की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई जा सकेगी।
What's Your Reaction?