सैलाना में आवारा कुत्तों का आतंक: स्कूल जा रहे मासूम पर हमला, CCTV वीडियो आया सामने, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
सैलाना/रतलाम।
रतलाम जिले में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक आए दिन डॉग बाइट की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला सैलाना के घंटाघर स्थित कृष्ण कुंज कॉलोनी का है, जहां स्कूल जाने के लिए घर से निकले एक मासूम बच्चे पर आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में दहशत और लोगों में आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिले में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अब तक कई बच्चे व अन्य नागरिक इनके हमलों का शिकार हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा आवारा कुत्तों की नसबंदी पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। लगातार हो रहे हमलों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले में स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल उठे हैं। बताया जा रहा है कि डॉग बाइट के पीड़ित को समय पर न तो एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध कराई गई और न ही रेबीज इम्युनोग्लोबुलिन (RIG) इंजेक्शन मिल सका। इससे लोगों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नाराजगी बढ़ गई है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने, उनकी नसबंदी और टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जाए। साथ ही जिले के सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-रेबीज वैक्सीन एवं आवश्यक इंजेक्शन 24 घंटे उपलब्ध कराए जाएं, ताकि डॉग बाइट के मामलों में तत्काल उपचार मिल सके और किसी भी व्यक्ति की जान जोखिम में न पड़े।
What's Your Reaction?